बरमपुर चौराहे के पास कोयला लोड ट्रेलर पलटा, सड़क पर बिखरा कोयला

कुछ देर तक लगा जाम, बाल-बाल बचे राहगीर; चालक के नशे में होने की आशंका, जांच के बाद होगी पुष्टि

कोरबा। बरमपुर चौराहे के पास शुक्रवार सुबह कोयले से लोड एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर में भरा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

गनीमत रही कि इस दौरान कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और जनहानि टल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को ब्रेकडाउन सर्विस की मदद से सड़क से हटवाया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक सीजी-10 बीएक्स-7239 कुसमुंडा की ओर से कोयला लोड कर कोरबा आ रहा था। शुक्रवार सुबह बरमपुर चौराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रेलर सड़क पर ही पलट गया। वाहन पलटते ही कोयला सड़क पर फैल गया। इससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

बरमपुर चौराहे के पास भारी वाहन पलटने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी स्थान पर कोयले से लोड एक ट्रेलर पलट चुका है, जिसमें चालक को चोट आई थी।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है और कई वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। हादसों के बाद कुछ समय तक चर्चा होती है, लेकिन भारी वाहनों की गति और लापरवाही पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आता।

चालक के नशे में होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में ट्रेलर चालक के नशे की हालत में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने और चालकों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि इस व्यस्त मार्ग पर किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।