धान खरीदी की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

कोरबा।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए प्रशासन ने चारों अनुविभागों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार अनुविभागीय अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही धान खरीदी से संबंधित कार्यों की निगरानी के लिए जिला स्तरीय जांच कमेटी और उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार कोरबा अनुविभाग के लिए एसडीएम सरोज महिलांगे, कटघोरा के लिए विपिन दुबे (आईएएस), पोड़ी-उपरोड़ा के लिए मनोज कुमार बंजारे तथा पाली अनुविभाग के लिए रोहित कुमार सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने अनुविभाग में धान खरीदी से जुड़े कार्यों की मॉनिटरिंग और पर्यवेक्षण करेंगे।

जिला स्तरीय जांच कमेटी भी गठित

धान खरीदी व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए गठित जिला स्तरीय जांच कमेटी एवं उड़नदस्ता टीम में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्रीमती मिंज, जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम बजरंग कसेर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के जिला क्षेत्र कोरबा के नोडल अधिकारी सुशील कुमार जोशी तथा कृषि उपज मंडी कटघोरा के सचिव नारायण पटेल को शामिल किया गया है।

प्रशासन के इस कदम का उद्देश्य धान खरीदी से संबंधित कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण और जांच सुनिश्चित करना है।