कोरबा।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर छत्तीसगढ़ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू हो गया है। इसके तहत कोरबा जिले की प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को किया गया। जिले में कुल 1,211 मतदान केंद्रों पर 8 लाख 27 हजार 41 मतदाता पंजीकृत हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार जिले में 4 लाख 13 हजार 247 पुरुष, 4 लाख 13 हजार 781 महिला और 13 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका निराकरण किया जाएगा।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं को भी मिलेगा मौका
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे। निर्धारित प्रारूप में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पंजीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक
पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन और पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इस दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी माधुरी सोम ठाकुर सहित भाजपा से अमीलाल चौहान, बहुजन समाज पार्टी से त्रिवेणी भास्कर, कांग्रेस से मोहम्मद साहिद और आम आदमी पार्टी से रिचर्ड डी. लोगन उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्वाचन पर्यवेक्षक दीनदयाल भारद्वाज भी बैठक में शामिल हुए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
