9.40 किमी सड़क पर खर्च होंगे 34.33 करोड़, शहर के भीतर और चांपा मार्ग पर आवागमन होगा आसान
कोरबा। कोरबा में सड़क कनेक्टिविटी और यातायात सुविधा बेहतर बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। उरगा से सीतामणी तक 9.40 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 34 करोड़ 33 लाख 4 हजार 635 रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक लगभग 2.90 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ 13 लाख 62 हजार 678 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों परियोजनाओं पर कुल 47 करोड़ 46 लाख 67 हजार 313 रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग को निर्माण एजेंसी बनाया गया है।
उरगा-सीतामणी सड़क के निर्माण से कोरबा की बिलासपुर-उरगा-हाटी भारतमाला मार्ग से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके साथ ही चांपा रेलवे स्टेशन और चांपा की ओर जाने वाले मार्गों तक पहुंचना आसान होगा। प्रशासन का दावा है कि सड़क बनने से शहर के भीतर और चांपा मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
रेलवे स्टेशन तक पहुंचना होगा आसान
इसी तरह गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण होने से शहर के इस हिस्से में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। सीतामढ़ी और इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग की ओर आने-जाने वाले नागरिकों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी। इससे रेल यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में सुविधा होगी।
एसईसीएल के साथ एमओयू के बाद आगे बढ़ी परियोजनाएं
इन विकास कार्यों को लेकर एसईसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 392वीं बैठक में प्रशासनिक सहमति के बाद जिला प्रशासन और एसईसीएल के बीच 9 अक्टूबर 2026 को एमओयू निष्पादित किया गया था। इसके बाद दोनों सड़क परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, दोनों सड़कों का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की बाहरी कनेक्टिविटी के साथ आंतरिक यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं समन्वय से इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
