सीएसईबी कर्मचारी की ग्रेच्युटी, बोनस और अनुग्रह राशि का गबन, 56 हजार रुपये अपने खाते में किए ट्रांसफर

कोरबा। सीएसईबी के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि में हेराफेरी कर 56 हजार 65 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराने के आरोप में कोरबा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विभागीय कार्यालय में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत रहने के दौरान आरटीजीएस के माध्यम से कर्मचारी के नाम पर स्वीकृत राशि अपने खाते में अंतरित कर ली थी। मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के तुलसीनगर स्थित कार्यालय में पदस्थ प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी ने इस संबंध में थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), पिता स्व. अंजोर साय, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत रहने के दौरान कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये आरटीजीएस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया।

पुलिस ने जांच में आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।