रेलवे लाइन से 3 लाख का 300 मीटर कॉपर वायर चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार

चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी पकड़ाया, वारदात में इस्तेमाल मॉडिफाइड बाइक जब्त

कोरबा। गेवरारोड-पेंड्रारोड नई रेलवे लाइन के घुड़देवा क्षेत्र में करीब 300 मीटर कॉपर कैटेनेरी वायर चोरी करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का तार खरीदने वाला कबाड़ी भी शामिल है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मॉडिफाइड मोटरसाइकिल भी जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को अभिषेक कुमार पंडित ने थाना बांकीमोंगरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की रात से 31 अक्टूबर की सुबह के बीच घुड़देवा क्षेत्र में नई रेलवे लाइन परियोजना के लिए विद्युत प्रवाह हेतु लगाए गए करीब 300 मीटर कॉपर कैटेनेरी वायर को अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया।

चोरी गए तार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी किया गया कॉपर वायर कबाड़ी के पास बेचा गया है। इसके बाद संदेह के आधार पर गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चोरी के तार को कबाड़ी दुकान में बेचने की जानकारी सामने आई, जिसके आधार पर खरीददार सिद्ध कुमार बघेल को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मॉडिफाइड मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 US 0450 जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 238(ग), 3(5) और 317(2) में कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार साव,प्रधानआरक्षक मिलिंद देवांगन,आरक्षक नंदलाल टंडन,हरीश मरावी,मुकेश यादव, महिला आरक्षक सुमन पोर्ते और कल्पना डहरिया की भूमिका रही।