कोरबा-बालकोनगर। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रारंभिक शिक्षा, बेहतर पोषण और स्वस्थ वातावरण बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) छत्तीसगढ़ में संचालित अपने 111 नंद घरों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है। इन केंद्रों के जरिए अब तक 7 हजार से अधिक बच्चों और माताओं को लाभान्वित किया जा चुका है।
नंद घरों में बच्चों को खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के सामान्य शब्दों और गिनती की शुरुआती शिक्षा दी जा रही है। पढ़ाई को रोचक बनाने के साथ बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

इन केंद्रों में गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण के महत्व की जानकारी दी जाती है। टेक-होम राशन (टीएचआर) के पोषण लाभ तथा उससे घर पर पौष्टिक भोजन तैयार करने के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया जाता है।
बच्चों में सीखने की बढ़ रही रुचि
दोंद्रो निवासी निशा यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका बेटा नंद घर में पढ़ाई करता है और वहां नई-नई चीजें सीख रहा है। अब वह सुबह स्वयं उठकर नंद घर जाने के लिए उत्साहित रहता है। वहां उसे दूसरे बच्चों के साथ खेलने, सीखने और घुलने-मिलने का अवसर मिलता है। पौष्टिक भोजन मिलने से उसकी खानपान संबंधी अच्छी आदतें भी विकसित हो रही हैं। उन्होंने अन्य माताओं से भी अपने बच्चों को नंद घर भेजने की अपील की।
स्कूल जाने की तैयारी में मिल रही मदद
शासकीय प्राथमिक पाठशाला की सहायक शिक्षिका ममता चौहान ने कहा कि नंद घर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में सहयोगी साबित हो रहे हैं। यहां बच्चे रचनात्मक गतिविधियों के जरिए अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के शब्द, वर्णमाला और गिनती सीख रहे हैं। इससे उनकी समझने और नई चीजें अपनाने की क्षमता विकसित हो रही है। बच्चों की स्कूल जाने की तैयारी और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने में भी इन केंद्रों की भूमिका दिखाई दे रही है।
माताओं को पोषण के प्रति किया जा रहा जागरूक
पोषण विशेषज्ञ अंजू यादव के अनुसार, बच्चों के स्वस्थ विकास और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सही पोषण संबंधी जानकारी जरूरी है। नंद घरों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। विशेष रूप से टेक-होम राशन के उपयोग और उससे पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी परिवारों के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि कुपोषण से निपटने के लिए जागरूकता के साथ खानपान और दैनिक जीवन की आदतों में सकारात्मक बदलाव आवश्यक हैं।
बालको के अनुसार, 111 नंद घरों के माध्यम से शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को एक साथ संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करने, माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक बनाने और ग्रामीण परिवारों में बेहतर आदतों को प्रोत्साहित करना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
