कोरबा। श्री सप्तदेव मंदिर में 11 अक्टूबर 2026 को अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजा, दीपावली मिलन समारोह एवं मां श्री राणी सती दादी का मंगलपाठ श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में भगवान श्री गोवर्धन की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से अन्नकूट महाप्रसाद का वितरण किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर में प्रत्येक माह अमावस्या के अवसर पर मां श्री राणी सती दादी का संगीतमय मंगलपाठ आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा के तहत कार्तिक कृष्ण पक्ष की अमावस्या पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक भव्य मंगलपाठ का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंगलपाठी बहनें पारंपरिक परिधान, नथ, चूड़ा और चुनरी धारण कर मंदिर परिसर पहुंचीं। सभी ने श्रद्धा और भक्ति के साथ एक स्वर एवं एक लय में मधुर संगीतमय मंगलपाठ किया। मंगलपाठ के समापन पर मां श्री राणी सती दादी की आरती की गई।
इसके बाद मंगलपाठी बहनों और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गोवर्धन पूजा, अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। आपसी प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता के साथ दीपावली मिलन समारोह भी मनाया गया।
इस अवसर पर मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने उपस्थित मंगलपाठी बहनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आस्था, सामाजिक एकता, सद्भाव और पारस्परिक आत्मीयता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने मंदिर में आगामी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
