कोरबा। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी पुलिस ने धान के खेत में छिपाकर रखी मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने मौके से गोवा ब्रांड की 389 बोतलें बरामद की हैं, जिनमें कुल 70.02 लीटर शराब बताई गई है। मामले में ग्राम अलगाडांड घोसरा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोरबी चौकी की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ग्रामीण ने अपने घर के पास स्थित धान के खेत में बिक्री के लिए मध्यप्रदेश निर्मित गोवा शराब छिपाकर रखी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर खेत की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान खेत में छिपाकर रखी गई गोवा शराब की 389 बोतलें बरामद हुईं। इनकी कुल मात्रा करीब 70.02 लीटर आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश में निर्मित शराब को छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से यहां रखा गया था। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नीतीश सिंह तथा कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संतोष सिंह और आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल एवं रोशन पांडेय कार्रवाई में शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध महुआ शराब और अंग्रेजी शराब जब्त की जा चुकी है। जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
