स्वास्थ्य कार्ययोजना, स्वच्छता, पोषण और विभागीय समन्वय की दी गई जानकारी
करतला। पंचायतों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अधिक सक्रिय, जवाबदेह और सक्षम बनाने के उद्देश्य से करतला ब्लॉक की सात ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों के लिए स्वास्थ्य संवर्धन विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बेहरचुवां, नोनदरहा, मदवानी, चोरभट्ठी, बीरतराई, पचपेड़ी और सोहागपुर ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं पंचों ने भाग लिया।
राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘स्वास्थ्य संवर्धन में पंचायतों की भूमिका’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न पहलुओं के साथ उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों और भूमिका की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कोरबा जिला मितानिन कार्यक्रम की समन्वयक वंदना गुप्ता ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना तथा प्रभावी स्वास्थ्य कार्ययोजना तैयार करने और उसका क्रियान्वयन करने के लिए सक्षम बनाना इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामसभा के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से काम करें तो गांव के विकास को नई दिशा मिल सकती है और स्वस्थ पंचायत की संकल्पना साकार हो सकती है।
ग्रामसभा और विभागीय समन्वय पर जोर
प्रशिक्षण में ग्रामसभा को सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि ग्राम पंचायत विकास योजना में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और आजीविका जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विभिन्न विभागों की योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन करने से विकास कार्यों के परिणाम अधिक बेहतर और टिकाऊ हो सकते हैं।
प्रशिक्षकों ने बताया कि पंचायतों की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों को स्वीकृति देने तक सीमित नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, सामाजिक अंकेक्षण और पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य परिदृश्य एवं प्रमुख चुनौतियां, स्वास्थ्य सुधार में ग्राम पंचायतों की भूमिका, पंचायत स्तर पर विभागीय समन्वय, जनजागरूकता, स्वास्थ्य कार्ययोजना, ग्राम पंचायत विकास योजना, छत्तीसगढ़ पंचायती राज व्यवस्था और पेसा अधिनियम 1996 के क्रियान्वयन सहित प्रमुख शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए केस स्टडी, प्रेरक कहानियों और समूह चर्चा का आयोजन किया गया। इनके माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को वास्तविक परिस्थितियों में सामने आने वाली समस्याओं और सामूहिक प्रयासों से उनके समाधान के तरीके समझाए गए। प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए।
प्रशिक्षण में यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ गांव का निर्माण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिन कार्यकर्ताओं और ग्रामीण समुदाय को मिलकर काम करना होगा।
इस अवसर पर बीसी मनहरण पटेल, द्वारिका ध्रुव, स्वस्थ पंचायत समन्वयक गेंदबाई साहू, एमटी महाबीर, मदन श्रीवास, रामकुमार साहू, तुलसी रात्रे, प्रतिमा राठिया, आशा महंत, श्यामबाई राठौर सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
