सांभर में इल्ली मिलने के बाद मुरली होटल सील, खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई

कटघोरा के होटल को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस; निरीक्षण में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में मिलीं खामियां, शारदा स्वीट्स की भी जांच

कोरबा। कटघोरा के चर्चित मुरली होटल में नाश्ते के दौरान सांभर में इल्ली मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने होटल का निरीक्षण कर सांभर का नमूना जांच के लिए लिया। साथ ही साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर खामियां पाए जाने पर होटल को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी कर प्रतिष्ठान सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, होटल में नाश्ता करने पहुंचे एक ग्राहक को सांभर में कीड़ा दिखाई दिया था। मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के इंस्पेक्टर विकास भगत और उनकी टीम ने कटघोरा स्थित मुरली होटल का निरीक्षण किया। निरीक्षक विकास भगत ने बताया कि मीडिया में खबर आने के बाद विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और मौके पर जांच की। निरीक्षण के दौरान सांभर में इल्ली पाई गई।

टीम ने तैयार सांभर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।

निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था में भी गंभीर कमियां सामने आईं। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था।

इन खामियों को देखते हुए विभाग ने होटल के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए आगामी आदेश तक संचालन बंद रखने का नोटिस जारी किया और प्रतिष्ठान को सील कर दिया।

इसी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। वहां भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।