मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति का दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव संपन्न

मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

अन्नकूट का पर्व देता है एकजुटता का संदेश: लखनलाल

कोरबा। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा द्वारा दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन दुरपा रोड स्थित परशुराम भवन में हर्षोल्लास और सामाजिक एकजुटता के वातावरण में किया गया। समारोह में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने की।

इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों, शरद पूर्णिमा पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री परशुराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दीपावली मिलन, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज की उन्नति और प्रगति के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। संगठन में ही शक्ति निहित है।

गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व भी हमें सामूहिकता, सहयोग और एकता का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में ब्रजवासियों को भयभीत होने के बजाय एकजुट होकर संकट का सामना करने की प्रेरणा दी थी। गोवर्धन पर्वत उठाने का प्रसंग सामूहिक सहभागिता और सहयोग की शक्ति का प्रतीक है। अन्नकूट में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से तैयार सामूहिक प्रसाद भी विविधता में एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

मेधावी विद्यार्थियों और प्रतियोगिता के प्रतिभागी सम्मानित
समारोह में मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं महिला मंडल द्वारा शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

समाज के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया। वहीं रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को निर्णायक पंडित शिवराज शर्मा के हाथों प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पंडित शिवराज शर्मा ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का नाम लेना और उनका गुणगान करना भी उनकी कृपा से ही संभव है।

रामचरितमानस चौपाइयों की प्रस्तुतियां केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह सनातन संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रेरणादायी प्रयास है। जब रामचरितमानस की चौपाइयां हृदय में स्थान बनाती हैं, तब हमारी सांस्कृतिक परंपराएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनी रहती हैं।

अतिथि का सम्मान, सामूहिक आरती के साथ हुआ समापन
समिति के वरिष्ठ सदस्य पंडित दीनदयाल शर्मा ने मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं संजय शर्मा ने किया। इसके पश्चात भगवान को अन्नकूट प्रसाद का भोग अर्पित कर सामूहिक आरती की गई। उपस्थित समाजजनों ने श्रद्धापूर्वक अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण की।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, अध्यक्ष कैलाश शर्मा, सचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा तथा मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की संरक्षिका निर्मला शर्मा, अध्यक्ष रेणु पुजारी, सचिव अंजू चौमाल एवं कोषाध्यक्ष सोनल शर्मा सहित समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं मातृशक्ति सपरिवार शामिल हुए। आयोजन ने सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कारों, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।