गरम नाश्ते से स्कूलों की ओर लौटे वनांचल के बच्चे,उपस्थिति में हुआ सुधार

कोरबा की 1,740 शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक शालाओं में पढ़ते हैं 1.06 लाख विद्यार्थी, इनमें 73 से 75 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति परिवारों से; उपस्थिति के साथ स्वास्थ्य पर भी दिख रहा सकारात्मक असर

कोरबा।जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयास उल्लेखनीय हैं। जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से शासकीय विद्यालयों में शुरू की गई गरम और पौष्टिक नाश्ते की व्यवस्था बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

शिक्षकों और अभिभावकों के अनुसार, इस पहल से विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार आया है। साथ ही बच्चों को पढ़ाई के दौरान भूख की चिंता से भी राहत मिल रही है।

कोरबा की पहचान आदिवासी जिले के रूप में है। अनुसूचित क्षेत्र होने के कारण यहां के शासकीय विद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति परिवारों से आते हैं।

जिले की 1,740 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में लगभग 1 लाख 6 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

इनमें करीब 73 से 75 प्रतिशत बच्चे अनुसूचित जनजाति परिवारों से हैं। इनमें से अनेक विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में निवास करते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ के माध्यम से कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को विद्यालय खुलने के साथ ही गरम नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है। पोहा, भजिया, खीर, उपमा, हलवा और खिचड़ी जैसे व्यंजन बच्चों की पसंद और स्थानीय उपलब्धता को ध्यान में रखकर मेनू में शामिल किए गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि सुबह नाश्ता मिलने से बच्चों में स्कूल आने का उत्साह बढ़ा है और वे नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने लगे हैं।

नाश्ते ने बदली विद्यालय आने की आदत
कोरबा विकासखंड के ग्राम लामपहाड़ में रहने वाले पहाड़ी कोरवा जेठूराम कोरवा की दोनों बेटियां अब नियमित रूप से विद्यालय जाती हैं। उन्हें पता है कि स्कूल में नाश्ता मिलता है। इसलिए जेठूराम अब बेटियों को जंगल ले जाने के बजाय विद्यालय भेजते हैं। कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाली फूलमनिया को भी स्कूल का नाश्ता पसंद है। पहाड़ी कोरवा देवशीला बताती हैं कि सुबह विद्यालय पहुंचकर नाश्ता करने के बाद वे दोपहर का भोजन भी वहीं करती हैं और पढ़ाई पूरी कर घर लौटती हैं।

कदमझेरिया और कोरई की प्राथमिक शालाओं में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने भी नाश्ते की व्यवस्था से बदलाव आने की बात कही है। कक्षा तीसरी में पढ़ने वाले सम्लेश्वर और पांचवीं के बम्लेश्वर की मां निहारोबाई के अनुसार, अब दोनों बेटे सुबह बस्ता लेकर सीधे विद्यालय चले जाते हैं। पहले पसंद का नाश्ता नहीं मिलने पर वे स्कूल जाने में आनाकानी करते थे।

पाली विकासखंड के डोंगानाला के आश्रित ग्राम मांझीपारा की प्राथमिक शाला में 50 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यहां के प्रधानपाठक के अनुसार, बच्चों को पोहा, उपमा, भजिया, पूरी, खीर और हलवा जैसे व्यंजन पसंद हैं। नाश्ते के प्रति उनका उत्साह नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करता है।

पाली के ग्राम परसदा, पोड़ी-उपरोड़ा के कोदवारी और कटमोरगा तथा करतला विकासखंड के पठियापाली के विद्यार्थियों ने भी बताया कि विद्यालय में नाश्ता और भोजन मिलने से उन्हें भूख की चिंता नहीं रहती और पढ़ाई में मन लगता है।

पांचों विकासखंडों में लागू हुई व्यवस्था

गरम नाश्ता उपलब्ध कराने की शुरुआत पहले पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड और कोरबा ब्लॉक के शहरी क्षेत्रों के कुछ विद्यालयों में की गई थी। लगभग ढाई माह तक इसके सकारात्मक परिणाम देखने के बाद इसे जिले के सभी पांच विकासखंडों कोरबा, कटघोरा, पाली, करतला और पोड़ी-उपरोड़ा के विद्यालयों में लागू कर दिया गया।

विद्यालयों को नाश्ते का मेनू प्रदर्शित करने तथा स्थानीय उपलब्धता और बच्चों की पसंद के अनुसार नाश्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के शिक्षकों का कहना है कि सुबह नाश्ता मिलने से बच्चे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच रहे हैं और पूरे समय रुककर पढ़ाई कर रहे हैं। इससे उनकी उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि में सुधार के साथ स्वास्थ्य को भी संबल मिल रहा है।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि बच्चों की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई योजनाएं शिक्षा से उनका जुड़ाव मजबूत कर सकती हैं। कोरबा के आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में गरम नाश्ते की व्यवस्था बच्चों को नियमित विद्यालय आने और पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।