पेड़ से टकराने के बाद 50 मीटर दूर जाकर पलटी स्कॉर्पियो, वाहन के उड़े परखच्चे; डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए दोनों युवक
बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा-सुतर्रा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया।
हादसे में वाहन के दोनों एयरबैग भी खुल गए, लेकिन इसके बावजूद एक युवक की जान नहीं बच सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार दो युवक चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर आ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर कुछ दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग के विपरीत दिशा में सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के पहिए सहित कई हिस्से टूटकर अलग हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क से दूर जाकर पलट गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक का उपचार जारी है।
मृतक की पहचान रूपेश पटेल पिता दिलीप पटेल (18 वर्ष), निवासी ग्राम चाकाबुड़ा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक आर्यन गोंड पिता ओम प्रकाश गोंड (लगभग 18 वर्ष), निवासी ग्राम बुंदेली बताया गया है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
