अपर कलेक्टर ने मिलर्स की बैठक लेकर कस्टम मिलिंग और धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की
कोरबा। जिले के सभी राइस मिलर्स को नवंबर माह के अंत तक शासन के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा करना अनिवार्य होगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मिलर्स को चावल जमा करने का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चावल जमा, कस्टम मिलिंग और आगामी धान खरीदी के दौरान मिलिंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर, जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) ऋतुराज देवांगन सहित विभागीय अधिकारी और जिले के राइस मिलर्स उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल ने कहा कि सभी राइस मिलर्स शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चावल जमा करने का कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नवंबर माह के अंत तक सभी मिलर्स अनिवार्य रूप से चावल जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि कस्टम मिलिंग व्यवस्था में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में बताया गया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। खरीदी अवधि के दौरान उपार्जन केंद्रों से धान का परिवहन नहीं किया जाएगा। धान का परिवहन खरीदी अवधि समाप्त होने के बाद ही किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने राइस मिलर्स को अपने-अपने मिलों में उपलब्ध धान के स्टॉक का पंजी अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मिलर्स से धान खरीदी व्यवस्था में शासन के नियमों का पालन करते हुए प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। साथ ही कहा कि नियमानुसार कारोबार करने वाले सभी लोगों को जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
