निर्माण कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं होगी, समय-सीमा में काम पूरा करें : आयुक्त

आयुक्त ने जोन कमिश्नरों और अधिकारियों की ली बैठक

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में विकास और निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। सभी कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने के साथ निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

आयुक्त पाण्डेय ने निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित एमआईसी कक्ष में जोन कमिश्नरों, अभियंताओं और अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।

इस दौरान विकास एवं निर्माण कार्यों, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, सड़क रोशनी व्यवस्था तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की गई।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वार्डों और बस्तियों में प्रस्तावित तथा स्वीकृत विकास कार्यों की निविदा सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार समय पर पूरी की जाएं। प्रक्रिया में अनावश्यक देरी किए बिना निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराए जाएं। जो कार्य प्रगतिरत हैं, उनकी नियमित निगरानी करते हुए गति बढ़ाई जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा हो सके।

शुद्ध पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी जोर
आयुक्त ने जल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पेयजल को लेकर परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी तरह शहर की सड़क रोशनी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और खराब स्ट्रीट लाइटों को समय पर ठीक कराने पर भी जोर दिया। साफ-सफाई व्यवस्था में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

बैठक में छठ पूजा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। घाटों पर बांस-बल्ली लगाकर मजबूत सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। इसके अलावा चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर एवं कार्यपालन अभियंता तपन तिवारी, राकेश मसीह, अखिलेश शुक्ला, लीलाधर पटेल, सुनील टांडे सहित सहायक अभियंता और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।