पसान-चंद्रोटी मार्ग से जुड़ेगा क्षेत्र, तुलबुल सहित आधा दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में मिलेगी राहत
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्रामीण अंचल में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पसान-चंद्रोटी रोड से तुलबुल मार्ग पर 100 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए राज्य शासन ने 5 करोड़ 91 लाख 49 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस पुल के निर्माण से तुलबुल, धनुहारपारा, अहीरपारा, बघिनडांड, पंडरीपानी और करी सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेषकर बारिश के दौरान रास्ते में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है। पुल बनने से ग्रामीणों का मुख्य मार्ग तक पहुंचना आसान होगा और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी।
पसान क्षेत्र आसपास के गांवों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं का प्रमुख केंद्र है। यहां प्राथमिक शाला, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं, जहां आसपास के गांवों के विद्यार्थी पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं।
इसके अलावा कृषि उपज मंडी, तहसील कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
पुल निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को इन संस्थानों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इससे विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों सहित रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। शासन की ओर से मिली प्रशासकीय स्वीकृति के बाद अब पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
