जनजातीय गौरव दिवस पर धर्मजयगढ़ पहुंचेगा कोरबा से 10 हजार लोगों का जत्था

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत की तैयारी तेज, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक; कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां

कोरबा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास को यादगार बनाने के लिए कोरबा जिले से 10 हजार से अधिक लोगों को धर्मजयगढ़ ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला संगठन ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए व्यापक जनभागीदारी जुटाने की रणनीति बनाई है।

तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित प्रवास, जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, वाहन व्यवस्था और आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।


10 हजार लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ में यह पहला प्रवास है। उनके स्वागत और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को भव्य रूप से मनाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि कोरबा जनजातीय बाहुल्य जिला है। ऐसे में जिले से कम से कम 10 हजार लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ इस लक्ष्य को पूरा करने में जुटने का आह्वान किया।

संगठन की एकजुटता और जनभागीदारी पर जोर
संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। धर्मजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय समाज के साथ भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने की अपील की।

जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर धर्मजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कोरबा जिले की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।

जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, नगर पालिका बाकी मोंगरा की अध्यक्ष सोनी विकास झा, जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष अशोका बाई कंवर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, हितानंद अग्रवाल, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा सहित जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।