एमजेएम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल शुरू, मंत्री लखनलाल ने किया शुभारंभ

24 घंटे मिलेगी चिकित्सा सुविधा

कोरबा-कटघोरा। कटघोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई पहल हुई है। नवागांव रोड स्थित मीना जैन मेमोरियल (एमजेएम) हॉस्पिटल के नवीन मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सालय का बुधवार को कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने विधिवत शुभारंभ किया। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल में मरीजों को अब 24 घंटे उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।

शुभारंभ अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कटघोरा में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को काफी लाभ मिलेगा। अब विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने अस्पताल की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


आईसीयू से लेकर मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर तक की सुविधा

अस्पताल संचालक डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि नवीन चिकित्सालय में मरीजों के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की मौजूदगी के साथ गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आईसीयू, आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और निजी वार्ड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे फार्मेसी और पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

अस्पताल के शुभारंभ समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रतन मित्तल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।