मतदाता सूची में हर पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करना जरूरी : पटनायक

वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत कोरबा में जन चौपाल, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने उठाई बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

कोरबा। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के द्वितीय चरण के तहत कोरबा में आयोजित शहरी क्षेत्र की जन चौपाल में मतदाता सूची के सत्यापन और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा प्रमुखता से उठा। वार्ड क्रमांक 22 कांशीनगर स्थित सामुदायिक पंडाल के समीप आयोजित कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए।

केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की बारीकी से जांच करने और जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए केवल भाषण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ काम करना जरूरी है।

जयसिंह अग्रवाल ने उठाई बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी पूर्व और मधुबनी पश्चिम जिलों में अभियान के दौरान प्राप्त सांगठनिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद के दौरान मतदान व्यवस्था को लेकर असंतोष और सवाल सामने आए हैं। चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने वार्ड, मोहल्ले और बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा यह सुनिश्चित करने की अपील की कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।


मताधिकार की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी : ज्योत्सना महंत

कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठित होकर मतदाता सूची का सत्यापन करना चाहिए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई।

जन चौपाल में कोरबा शहरी क्षेत्र के चारों ब्लॉकों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और प्रत्येक पात्र मतदाता के नाम की पुष्टि करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी विजय केशरवानी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान सहित कांग्रेस पार्षद, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।