मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत आवेदन आमंत्रित, 117 प्रकार के लघु एवं कुटीर उद्योगों की स्थापना का मिलेगा अवसर
कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (सीएमईजीपी) के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। चालू योजना के अंतर्गत कोरबा जिले में 32 नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उद्योग स्थापना के लिए 35 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के जिला कार्यालय के अनुसार, योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र वर्गों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत खनिज, वन, कृषि, रसायन, इंजीनियरिंग और सेवा क्षेत्र से जुड़े लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। योजना में कुल 117 प्रकार के उद्योगों को शामिल किया गया है।
इनमें दोना-पत्तल निर्माण, आटा चक्की, मसाला उद्योग, साबुन निर्माण, अचार, पापड़ एवं बड़ी निर्माण, सैलून, ब्यूटी पार्लर, होटल व्यवसाय, सिलाई कार्य और लाख निर्माण सहित कई स्वरोजगार गतिविधियां शामिल हैं। इच्छुक आवेदक अपनी रुचि, कौशल और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार उद्योग का चयन कर सकते हैं।
इन वर्गों के हितग्राही कर सकते हैं आवेदन
योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के महिला और पुरुष हितग्राही आवेदन के पात्र होंगे। आवेदक का निवास ग्रामीण क्षेत्र में अथवा वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 20 हजार से कम आबादी वाले क्षेत्र में होना आवश्यक है। निर्धारित पात्रता और नियमों के अनुसार उद्योग स्थापना के लिए 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
जिला पंचायत कार्यालय में मिलेगी जानकारी
जिला खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने ग्रामीण क्षेत्र के इच्छुक युवाओं, महिलाओं और पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए जिला पंचायत कार्यालय, कोरबा के भूतल स्थित कक्ष क्रमांक 20 (ग्रामोद्योग कक्ष) में संपर्क किया जा सकता है। इसकेअलावा मोबाइल नंबर 7898985249 एवं 9074108329 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
