बिजली कंपनी के बड़े टेंडरों में तीन फर्मों का दबदबा, छोटे ठेकेदारों के सामने काम का संकट

अस्तित्व बचाने की जद्दोजहद में कांट्रेक्टर एसोसिएशन

कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के बदले हुए नियमों और टेंडर प्रक्रिया ने कोरबा के छोटे-बड़े ठेकेदारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा कर दिया है। आरोप है कि कंपनी के अधिकांश बड़े कार्य तीन प्रमुख ठेका फर्मों को मिल रहे हैं, जबकि स्थानीय छोटे और मध्यम श्रेणी के ठेकेदारों को काम के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। कभी बिजली परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ये ठेकेदार अब पेटी पर काम लेने को मजबूर हैं। हालात ऐसे हैं कि कांट्रेक्टर एसोसिएशन के सामने अपने अस्तित्व को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

कोरबा जिले में बिजली कंपनियों की विभिन्न परियोजनाओं में वर्षों से सैकड़ों ठेकेदार काम करते आ रहे हैं। सिविल निर्माण से लेकर बॉयलर मेंटेनेंस, मैकेनिकल, तकनीकी कार्य और मैनपावर सप्लाई तक के कामों में स्थानीय ठेकेदारों की भागीदारी रही है। पहले अलग-अलग कार्यों के लिए टेंडर जारी होते थे, जिससे छोटे और बड़े ठेकेदारों को अपनी क्षमता के अनुसार काम हासिल करने का अवसर मिलता था। 100 मेगावाट और 200 मेगावाट की परियोजनाओं सहित कोरबा की अन्य बिजली इकाइयों में भी ठेकेदारों को काम मिलता रहा है।

एक साथ जोड़े जा रहे कई बड़े कार्य

ठेकेदारों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से टेंडर प्रक्रिया में बदलाव के कारण छोटे ठेकेदारों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो गया है। बताया जा रहा है कि 8 से 10 बड़े कार्यों को एक साथ जोड़कर बड़े पैकेज के रूप में टेंडर जारी किए जा रहे हैं। ऐसे टेंडरों में हिस्सा लेने के लिए भारी पूंजी, बड़े कारोबार और निर्धारित टर्नओवर की शर्तें पूरी करनी पड़ती हैं। स्थानीय छोटे ठेकेदार इन शर्तों को पूरा नहीं कर पाते और प्रतिस्पर्धा से बाहर हो जाते हैं।

ठेकेदारों का दावा है कि इसका फायदा सीमित संख्या में बड़ी कंपनियों को मिल रहा है। तीन प्रमुख फर्मों के पास अधिकांश काम केंद्रित होने से अन्य ठेकेदारों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है। स्थिति यह है कि कई पुराने ठेकेदार अब उन्हीं बड़ी कंपनियों के अधीन पेटी पर काम करने को मजबूर हैं।

सैकड़ों मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी असर की आशंका

ठेकेदारों का कहना है कि कांट्रेक्टर एसोसिएशन आज भी अस्तित्व में है, लेकिन उसके अनेक सदस्यों के पास नियमित काम नहीं है। कभी स्वतंत्र रूप से बड़े कार्यों का संचालन करने वाले ठेकेदार अब अपनी टीम और व्यवसाय को बनाए रखने के लिए छोटे स्तर पर काम स्वीकार कर रहे हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो उनका व्यवसाय प्रभावित होने के साथ ही उनके अधीन काम करने वाले सैकड़ों मजदूरों और कर्मचारियों की आजीविका पर भी संकट गहरा सकता है।

स्थानीय ठेकेदारों ने बिजली कंपनी से टेंडर प्रक्रिया में बदलाव करने की मांग की है। उनका कहना है कि बड़े कार्यों को एक साथ क्लब करने के बजाय छोटे-छोटे पैकेज में विभाजित किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय ठेकेदार भी अपनी क्षमता के अनुसार निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकें। इससे प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सुरक्षित रहेंगे।