15 नवंबर को डूबते और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती

महापर्व छठ की छटा से भक्तिमय हुआ कोरबा, महापौर निवास में हजारों लोगों ने ग्रहण किया सामूहिक खरना प्रसाद

कोरबा। पूर्वांचलवासियों का चार दिवसीय महापर्व सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। 14 नवंबर को व्रतियों ने विधि-विधान से खरना पूजन किया और प्रसाद तैयार कर परिजनों एवं श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया। पर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को संध्याकालीन बेला में व्रती हसदेव नदी सहित विभिन्न तालाबों, पोखरों और नहरों के छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

महापौर निवास में हुआ सामूहिक खरना प्रसाद वितरण
छठ महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को महापौर निवास में सामूहिक खरना प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में पूर्वांचलवासी, भाजपा नेता, पत्रकार, बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग पहुंचे। सभी ने श्रद्धापूर्वक खरना प्रसाद ग्रहण किया।

पूर्वांचल विकास समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रमा सिंह राजपूत, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, ननका उर्फ विजय सिंह राजपूत सहित परिवार के सदस्यों ने स्वयं उपस्थित लोगों को खरना प्रसाद वितरित किया। चंद्रमा सिंह राजपूत एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर चंद्रमा सिंह राजपूत ने कहा कि छठी मैया की उपासना का विशेष धार्मिक महत्व है। श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई पूजा-अर्चना से व्रतियों को सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने समस्त कोरबावासियों को छठ महापर्व की बधाई दी।


डॉ. मनीषा सिंह ने भी परिवार के साथ तैयार किया खरना प्रसाद

इस दौरान डॉ. मनीषा सिंह एवं इंजीनियर कन्हैया सिंह ने उपस्थित लोगों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि छठ माता की पूजा, उपासना और व्रत का विशेष महत्व है। श्रद्धापूर्वक आराधना करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।


जनप्रतिनिधियों ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, बालको के सीईओ आर.के. सिंह, पूर्वांचल विकास समिति के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष अवधेश सिंह तथा पूर्वांचल सर्वसमाज के सचिव लायन अरविंद शर्मा ने भी छठ व्रतियों सहित जिलेवासियों को महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से कोरबा जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।