कोरबा।दीपका थाना क्षेत्र के गेवरा में चार पहिया वाहन की टक्कर से एसईसीएल में कार्यरत जूनियर टेक्निकल इंस्पेक्टर रूपचंद देवांगन घायल हो गए। हादसे में उनके सिर, कंधे, कमर और घुटने में चोट आई है। घायल कर्मचारी का उपचार नेहरू शताब्दी अस्पताल, गेवरा में जारी है। पीड़ित के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल चार पहिया वाहन एक एएसआई का था।
घायल रूपचंद देवांगन ने बताया कि वह नाश्ता करने के लिए क्षेत्रीय महाप्रबंधक (आरजीएम) गेवरा कार्यालय के पास जा रहे थे। इस दौरान वह अपनी साइड में इलेक्ट्रिक स्कूटर चला रहे थे। तभी सीडब्ल्यूएस (CWS) कार्यालय के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन स्कूटर को घसीटते हुए करीब 200 मीटर तक ले गया।

पीड़ित के अनुसार, वाहन रुकने के बाद उसमें से सितारा लगा एक पुलिस अधिकारी, जिसे उन्होंने एएसआई बताया, नीचे उतरा। रूपचंद का आरोप है कि हादसे के समय अधिकारी मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। दुर्घटना के बाद अधिकारी ने कथित तौर पर उनसे कहा कि ‘ऐसा हो जाता है।’ मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया। उन्होंने बताया कि सिर पर हेलमेट पहने होने के कारण गंभीर चोट से बच गए।
अस्पताल पहुंचाने से किया इनकार करने का आरोप
घटना के बाद घायल कर्मचारी के साथी उन्हें उपचार के लिए नेहरू शताब्दी अस्पताल गेवरा लेकर पहुंचे। पीड़ित के मुताबिक, कुछ समय बाद संबंधित पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर से मुलाकात करने के बाद वहां से चला गया। रूपचंद का आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जब अधिकारी से उन्हें अस्पताल पहुंचाने का आग्रह किया तो उसने वाहन खराब होने का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया।

फिलहाल घायल कर्मचारी का अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़ित ने घटना का पूरा घटनाक्रम बताया है। मामले में दुर्घटना के कारणों, संबंधित वाहन और पुलिस अधिकारी की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि तथा पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
