तानाखार में भीषण सड़क हादसा: खड़ी यात्री बस को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, दो यात्रियों की मौत, छह घायल

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तानाखार में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास करीब सुबह 3 बजे हुआ, जब सड़क किनारे खड़ी रॉयल यात्री बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय कई यात्री बस में सो रहे थे।

जानकारी के अनुसार, रॉयल यात्री बस रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। तानाखार के पास अनूप ढाबा के नजदीक बस सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा ट्रक अनियंत्रित होकर बस के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में घायल छह यात्रियों को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। इनमें से एक यात्री की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार कटघोरा में जारी है।

हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।