कोरबा। दुर्गम वनांचलों में बसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के परिवारों के लिए पक्की सड़कें अब विकास और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच का माध्यम बन रही हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत कोरबा जिले में निर्मित 27 सड़कों ने 29 पीवीटीजी बसाहटों को मुख्य मार्गों से जोड़ दिया है। कुल 64.49 किलोमीटर लंबाई की इन सड़कों से 1,729 लोगों को आवागमन की सुविधा मिल रही है। इसका सीधा लाभ पहाड़ी कोरवा, पंडो और बिरहोर समुदाय के परिवारों को मिल रहा है।
पहले इन बसाहटों के लोग पथरीले रास्तों और दुर्गम पगडंडियों से होकर आने-जाने को मजबूर थे। बारिश के दिनों में रास्ते कीचड़ और फिसलन से भर जाते थे। ऐसे में बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना, बच्चों का स्कूल जाना और दैनिक जरूरतों का सामान लाना भी चुनौतीपूर्ण होता था। कई बार वाहन गांवों तक नहीं पहुंच पाते थे। अब पक्की सड़क बनने से इन परेशानियों में कमी आई है।
जामभाठा-सोनारी के परिवारों को मिली बड़ी राहत
कोरबा विकासखंड के जामभाठा, सोनारी और आसपास के टोला-पारों में रहने वाले पहाड़ी कोरवा एवं पंडो परिवारों के लिए सड़क निर्माण से आवागमन आसान हुआ है। ग्राम देवपहरी मुख्य मार्ग से इन बसाहटों तक लगभग 3.60 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क बनाई गई है। इससे पहाड़ी और पथरीले रास्तों से गुजरने की परेशानी कम हुई है।
गांव के पहाड़ी कोरवा परिवार के पन साय बताते हैं कि पहले बारिश के दिनों में किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना बेहद मुश्किल होता था। राशन भी सिर पर रखकर पैदल लाना पड़ता था। अब वाहन घर तक पहुंचने लगे हैं और एंबुलेंस बुलाना भी आसान हो गया है।
इसी तरह ग्राम की श्रीमती कुमारी बाई का कहना है कि पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम हुआ है। अब शिक्षक भी आसानी से स्कूल पहुंच पा रहे हैं। सड़क ने गांव को बाहरी दुनिया और जरूरी सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हाल ही में कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं अन्य अधिकारियों ने गांव पहुंचकर सड़क का निरीक्षण भी किया।
दो वर्षों में पूरी हुईं 27 सड़कें
पीएम-जनमन के तहत जिले में दो चरणों में सड़क निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं।
वर्ष 2023-24: 14 सड़कें, कुल लंबाई 32.65 किलोमीटर।
वर्ष 2024-25: 13 सड़कें, कुल लंबाई 31.84 किलोमीटर।
कुल निर्माण: 27 सड़कें, 64.49 किलोमीटर।
लाभान्वित बसाहटें: 29।
लाभार्थी आबादी: 1,729।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में इन कार्यों को आगे बढ़ाया गया। कार्यपालन अभियंता सीएस कंवर सहित संबंधित विभागीय अमले ने दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सड़क संपर्क पहुंचाने में योगदान दिया।
चार विकासखंडों में हुआ सड़क निर्माण
कोरबा विकासखंड: यहां नर्मदा रोड से दलदलीपारा तक 0.92 किलोमीटर, मेन रोड से बाघमारा तक 0.90 किलोमीटर, लेमरू-देवपहारी रोड से जामभाठा-सोनारी तक 3.60 किलोमीटर और डोकरमना मेन रोड से चिराईझुंझ तक 4.60 किलोमीटर सड़क बनाई गई है।
बताती से बांसाखार मेन रोड तक कोरवापारा होते हुए 7.80 किलोमीटर और मदनपुर से मांझीपारा तक 2.17 किलोमीटर सड़क बनाई गई है। इन मार्गों से दलदली, बाघमारा, झामभाठा, चिराईझुंझ, जुनाडीह, धौराबाड़ी, अमाटीलाख, करूमौहा, चिताबुड़ा, बोकरदा आवासपारा, कोरवापारा, बांसाखार और मांझीपारा सहित कई बसाहटों को लाभ मिला है।
करतला विकासखंड: बोकरदा से आवासपारा और मांझीपारा तक 1.10 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा किया गया है।
पाली विकासखंड: शिवपुर से शांतिनगर के बिरहोर मोहल्ले तक 2.45 किलोमीटर तथा डोंगानाला अटल चौक से जंगलपारा तक 2.15 किलोमीटर सड़क बनाई गई है। इसके अलावा बांधाखार से टेढ़ीकुड़ा तक 2.42 किलोमीटर, मेन रोड से जुनापारा तक 2.50 किलोमीटर, ईरफ से मांझगवां-मांझीपारा तक 2.50 किलोमीटर, कोड़ार से मांझीपारा तक 0.60 किलोमीटर और भंडारखोल से खैरबहार तक 1.30 किलोमीटर सड़क पूरी की गई है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड: कटघोरा-अंबिकापुर रोड से छिबरीपारा तक दो किलोमीटर, हरदीपारा रोड से मांझीपारा तक 1.75 किलोमीटर, बरतराई-बिंझरा रोड से नागरमुड़ा तक 1.50 किलोमीटर तथा कटघोरा-पसान रोड से कोसकट्टीपारा तक 1.30 किलोमीटर सड़क बनाई गई है।
इसके अलावा कुटेशरनगोई रोड से अमलडीहा तक 3.70 किलोमीटर, इसी मार्ग से नवापारा मांझीपारा तक 2.70 किलोमीटर, लालपुर रोड से खरकापारा और ठिर्रीआमा तक 2.80 किलोमीटर तथा कटघोरा-पसान मेन रोड से केशलपुर तक 6.60 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा किया गया है।
इनसे छिबरीपारा, मांझीपारा, नागरमुड़ा, कोसकट्टीपारा, अमलडीहा, नवापारा मांझीपारा, खरकापारा, ठिर्रीआमा और गड़ईपारा (झरियापारा) की बसाहटों को सुविधा मिली है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं तक पहुंच हुई आसान
पीएम-जनमन के तहत निर्मित इन सड़कों से अब मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने और परिवारों को बाजार तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत हो रही है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों और मैदानी अमले के लिए भी दूरस्थ बसाहटों तक पहुंचना आसान हुआ है। इससे शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।
जंगलों और पहाड़ों के बीच बसे इन गांवों के लिए पक्की सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास की सुविधाओं से जुड़ने का माध्यम बन रही हैं। जामभाठा और सोनारी के ग्रामीणों के अनुभव इस बदलाव को बयां करते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
