कोरबा।कोल इंडिया की सहायक इकाई एसईसीएल की कुसमुंडा मेगा परियोजना से प्रभावित भू-विस्थापित महिलाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार अलसुबह से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया।
रोजगार, बसाहट, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान न मिलने से नाराज महिलाओं ने कुसमुंडा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के दोनों मुख्य द्वारों पर ताला जड़कर गेट जाम कर दिया।
गोमती केवट, काजल, इंद्रा, सरिता, टिकैतराम बिंझवार, पूनम और मीना कंवर सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि वे अब बिना समाधान के पीछे नहीं हटेंगी। उनका आरोप है कि पिछले 22 वर्षों से वे संघर्ष कर रही हैं, फिर भी उनकी समस्याएं जस की तस पड़ी हुई हैं।
महिलाओं ने बताया कि 17 नवंबर को भी उन्होंने गेट जाम आंदोलन किया था, जिसके बाद मौके पर पहुंचे दर्री तहसीलदार ने 21 नवंबर को बैठक कर समाधान देने का लिखित आश्वासन दिया था। लेकिन तय तिथि गुजर जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया है।
भू-विस्थापित महिलाओं ने स्पष्ट कहा
“हमने कई बार गेट जाम किए, खदान बंद की, अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन एसईसीएल और जिला प्रशासन के झूठे आश्वासनों ने हमें परेशान कर दिया है। अब तक सिर्फ वादे हुए, समाधान नहीं। अब जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, गेट जाम जारी रहेगा। यदि कोयला उत्पादन प्रभावित होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।”
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
