कोरबा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पोड़ी लाफा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने ग्राम सैला में सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया। शिविर का समापन समारोह रविवार को हुआ, जिसमें जिला पंचायत सदस्य कौशल सिंह नेटी, जयसिंह राज, सरपंच कमलदेवी आंडिल सहित ग्राम के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शिविर में 93 स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हर सुबह जागरण रैली, योग-प्राणायाम, बौद्धिक चर्चा और खेलकूद के साथ दिन की शुरुआत हुई। स्वयंसेवकों ने टीबी बीमारी, नारी सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशामुक्ति, दहेज प्रथा और साइबर क्राइम जैसे गंभीर मुद्दों पर घर-घर जाकर और जनसभाओं में ग्रामीणों को जागरूक किया।
श्रमदान के दौरान विद्यालय परिसर में सोखता गड्ढा बनाया गया, तालाब की पचरी साफ की गई तथा बजरंग चौक, ठाकुर देव चौक, गांधी चौक, बांध और पूरे विद्यालय परिसर की सफाई की गई। दीवारों पर रासेयो के प्रेरणादायक नारे और नशामुक्ति के संदेश लिखे गए। विद्यालय के पास वाले चौक से ढेर सारा कचरा एकत्र कर निष्पादन किया गया।
समापन के दिन नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को विशेष रूप से टीबी के लक्षण व उपचार, दहेज प्रथा के दुष्परिणाम और साइबर ठगी से बचने के तरीकों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने इन कार्यक्रमों को बहुत सराहा और संकल्प लिया कि वे इन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
अतिथियों ने स्वयंसेवकों के उत्साह और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविर गांव के विकास और जागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। शिविर ग्राम सैला के लिए एक यादगार और प्रेरक आयोजन बनकर रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
