हसदेव पुल जर्जर होने से भारी वाहनों पर रोक, मरम्मत कार्य शुरू

कोरबा। उरगा-पंतोरा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर कुदुरमाल के पास हसदेव नदी का पुराना पुल काफी जर्जर हो चुका है।

पुल की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। कार्य को तेजी से पूरा करने और किसी बड़े हादसे को टालने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

यह प्रतिबंध अस्थायी है और मरम्मत पूरी होने तक लागू रहेगा। छोटे वाहन (कार, जीप, दोपहिया आदि) अभी इस मार्ग से आवागमन कर सकते हैं, लेकिन यातायात पुलिस ने चालकों से बेहद सावधानी बरतने को कहा है क्योंकि पुल पर कई जगह गड्ढे और दरारें मौजूद हैं।

भारी वाहनों (ट्रक, डंपर, बस आदि) को वैकल्पिक रूप से सर्वमांगला-कनबेरी मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि पुल के साथ-साथ इस मार्ग की सड़क की मरम्मत भी युद्ध स्तर पर की जा रही है। कार्य पूरा होते ही भारी वाहनों का आवागमन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

लंबे समय से स्थानीय लोग और यात्री इस पुल की खराब स्थिति को लेकर शिकायत करते रहे थे। अब मरम्मत शुरू होने से लोगों में राहत है, हालांकि भारी वाहनों के डायवर्जन से वैकल्पिक मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना बनी हुई है।