पैरावट के विशाल ढेर में लगी भीषण आग,दमकल ने समय रहते पाया काबू

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में शनिवार देर रात अचानक पैरावट (पराली) के बड़े-बड़े ढेर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खरही के ढेर भी इसमें समा गए।

ग्राम पंचायत हुंकरा और कापूबहरा के बीच स्थित इन ढेरों से उठती ऊंची-ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और साथ ही नगर पालिका कटघोरा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुद्रिका प्रसाद तिवारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल वाहन मौके पर रवाना किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों की जद्दोजहद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

समय पर दमकल की पहुंच से बड़ी अनहोनी टल गई। यदि आग और फैलती तो पास के दर्जनों घर, खेत और जंगल को भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है।

स्थानीय लोग इसे या तो शॉर्ट सर्किट या किसी की लापरवाही बता रहे हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।