कोख में ही दम तोड़ रहा एल्युमिनियम पार्क?5 साल बाद भी नहीं निकला बंद पावर प्लांट की जमीन से बाहर

कोरबा के 220 MW बंद बिजली संयंत्र पर घोषित एल्युमिनियम पार्क की घोषणा तो हुई, काम शुरू नहीं; स्थानीय लोग नाराज, हजारों रोजगार की उम्मीद अधर में

कोरबा।कोरबा जिले में करीब 5 साल पहले एनजीटी के आदेश पर पूरी तरह बंद हो चुके 220 मेगावॉट पुराने पावर प्लांट की जमीन पर प्रस्तावित एल्युमिनियम पार्क का अब तक कोई अता-पता नहीं है। राज्य सरकार ने भले ही पार्क बनाने की बड़ी घोषणा की थी, लेकिन जमीन पर न तो सर्वे पूरा हुआ, न भूमि विकास शुरू हुआ और न ही कोई निर्माण कार्य दिखाई दे रहा है।

मध्यप्रदेश शासन काल में सोवियत रूस के सहयोग से बना यह संयंत्र दशकों तक चला, लेकिन पर्यावरण नियम उल्लंघन के कारण 2019-20 के आसपास बंद हो गया। बंदी के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने यहीं एल्युमिनियम पार्क बनाने की योजना घोषित की थी ताकि क्षेत्र में एल्यूमिनियम से जुड़े सहायक उद्योग लगें और हजारों लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार मिले।

स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि अगर यह पार्क बन जाता है तो कोरबा के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, लेकिन सरकारी विभागों की सुस्ती और फाइलों के लंबे चक्कर ने परियोजना पर ग्रहण लगा दिया है।

लोगों में अब यह सवाल जोर पकड़ने लगा है कि आखिर यह एल्युमिनियम पार्क “कोख से बाहर आएगा भी या नहीं?”

लोगों की मांग है कि सरकार शीघ्र ठोस कदम उठाए और इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारे, वरना कोरबा की विकास उम्मीदें एक बार फिर धूमिल हो जाएंगी।