कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन ने किसानों और राजस्व अधिकारियों की सुविधा को देखते हुए गिरदावरी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे (Digital Crop Survey) में गलत प्रविष्टियों के संशोधन की समय-सीमा एक बार फिर 15 दिन बढ़ा दी है।
पहले PV App (Physical Verification App) के माध्यम से भौतिक सत्यापन के बाद खेतों की प्रविष्टियों में सुधार करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2025 निर्धारित थी। अब शासन के नए आदेश के अनुसार यह अवधि बढ़ाकर 15 दिसंबर 2025 कर दी गई है।
राजस्व एवं कृषि विभाग के संयुक्त निर्देश में कहा गया है कि कई क्षेत्रों में अभी भी किसानों के खेतों की फसल, रकबा एवं अन्य विवरणों में त्रुटियां पाई जा रही हैं। इन त्रुटियों के कारण किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, धान खरीदी, बोनस तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत हो रही थी।
इसलिए शासन ने सभी पटवारी, राजस्व निरीक्षक (RI), तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 15 दिसंबर 2025 तक PV App के जरिए भौतिक सत्यापन कर सभी गलत प्रविष्टियों को शत-प्रतिशत सुधार लिया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों से अनुरोध है कि यदि उनके खेत की गिरदावरी या डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसल का नाम, रकबा या अन्य कोई जानकारी गलत दर्ज हुई है, तो वे तुरंत अपने पटवारी या नजदीकी राजस्व कार्यालय में संपर्क करें और 15 दिसंबर से पहले सुधार जरूर करवाएं, ताकि धान खरीदी एवं अन्य योजनाओं में कोई असुविधा न हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
