छत्तीसगढ़ सरकार का किसानों को तोहफा: कैरीफॉरवर्ड, डूबान क्षेत्र एवं वन पट्टाधारी किसानों के पंजीकरण की तारीख बढ़ी, अब 15 दिसंबर 2025 तक होगा पंजीयन

कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विभाग ने प्रदेश के हजारों किसानों को बड़ी राहत देते हुए एकीकृत किसान पोर्टल पर कैरीफॉरवर्ड, डूबान क्षेत्र तथा वन अधिकार पट्टाधारी कृषकों के पंजीयन की अंतिम तिथि को 15 दिन बढ़ा दिया है।

पहले यह सुविधा सभी सहकारी समितियों के लॉगिन में 30 नवंबर 2025 तक उपलब्ध कराई जानी थी, लेकिन अब शासन ने किसानों की सुविधा और अधिक से अधिक पात्र कृषकों के पंजीयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस अवधि को बढ़ाकर 15 दिसंबर 2025 कर दिया है।

विभाग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि उक्त तीनों श्रेणियों (कैरीफॉरवर्ड, डूबान क्षेत्र एवं वन पट्टाधारी) के किसानों का पंजीयन वर्तमान में भी जारी है और सभी समितियों से अपेक्षा की गई है कि वे इस विस्तारित अवधि का उपयोग करते हुए शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन समयसीमा के अंदर पूरा करें।

किसानों से अनुरोध है कि वे निकटतम प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति या सेवा सहकारी समिति में शीघ्र संपर्क कर अपना पंजीयन करा लें, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।