राष्ट्रीय जम्बूरी में कोरबा के स्काउट-गाइड ने लहराया परचम, 35 हजार प्रतिभागियों के बीच छत्तीसगढ़ दल का शानदार प्रदर्शन

लखनऊ में राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में हुआ भव्य समापन, कोरबा से 28 स्काउट्स-गाइड्स सहित 363 सदस्यीय छत्तीसगढ़ दल ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

कोरबा। लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में 23 से 29 नवंबर तक आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी एवं डायमंड जुबली ग्रैंड फिनाले में कोरबा जिले के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।

देश-विदेश के 35 हजार से अधिक प्रतिभागियों वाले इस मेगा आयोजन में छत्तीसगढ़ से 363 सदस्यीय दल ने राज्य मुख्य आयुक्त  इंद्रजीत सिंह खालसा के नेतृत्व में शिरकत की।

कोरबा जिले से गाइड याशिका साहू, इप्शिता सिंह, रिया चन्द्रा, एस. देवी, झील मांझी, साक्षी, श्रृति देवांगन, निमिशा, रागनी कुर्रे, दीप्ति पटेल, अदिती सिंह, सरस्वती ध्रुव तथा स्काउट अनुराग, प्रभात, प्रिंस कंवर, अमित साव, पंकज कुमार जांगड़े, विद्याभूषण महंत, नीरज पटेल सहित कुल 28 युवा शामिल हुए।

दल के प्रभारी भूपेन्द्र वर्मा एवं गनेशी सोनकर रहे।  सर्विस रोवर-रेंजर पप्पू चन्द्रा, चेतन देवांगन, पलक पटेल एवं सुप्रिया साहू ने सेवाएं दीं। राज्य स्टॉफ में एएलटी लीडर एसआर अमित को भी स्थान मिला।

प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट, लोक नृत्य, फूड प्लाजा, स्किल-ओ-रामा, फिजिकल डिस्प्ले, कलर पार्टी, एथनिक फैशन शो, राज्य प्रदर्शनी, रंगोली, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, गेटवे, कैंप क्राफ्ट, चलित झांकी, कैंप फायर और टेंट पिचिंग जैसी दर्जनों प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न साहसिक खेलों का आनंद लिया तथा सेना के हथियारों की प्रदर्शनी और सम-सामयिक विषयों से जुड़े स्टॉल्स का अवलोकन किया।

जम्बूरी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल ने किया जबकि समापन समारोह में राष्ट्रपति महोदया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्यजन भी मौजूद रहे।

जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने बताया कि राष्ट्रीय जम्बूरी हर चार साल में होती है और कोरबा जिला लगातार इसमें अपनी भागीदारी दर्ज करा रहा है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जनवरी 2026 में छत्तीसगढ़ में पहली राष्ट्रीय रोवर/रेंजर राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देशभर से करीब 15 हजार युवा शामिल होंगे।

कोरबा के सभी प्रतिभागी स्वस्थ्य एवं उत्साहित होकर लौटे हैं और उन्होंने इस अनुभव को जीवन की अमूल्य पूंजी बताया।