पीली कोठी में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने लाटा महाराज से सुनी कथा

कोरबा। शहर के पीली कोठी परिसर में 21 से 29 नवंबर तक चली नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुक्रवार को हर्षोल्लास और जय श्रीराम के जयघोष के साथ भव्य समापन हो गया।

प्रसिद्ध कथावाचक पंडित शंभू शरण लाटा महाराज की दिव्य वाणी से सजी इस कथा में प्रतिदिन सुबह-शाम हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और प्रभु श्रीराम के चरित्र से जीवन को धन्य किया।

लाटा महाराज ने अपनी सरल, मार्मिक और ओजस्वी शैली में राम जन्मोत्सव, सीता स्वयंवर, शिव-धनुष भंग, पुष्पवाटिका प्रसंग, केवट संवाद, श्रवण कुमार कथा, भरत मिलाप, सीता हरण, शबरी प्रसंग और राम वनगमन जैसे अनेक रोचक एवं भावपूर्ण प्रसंग सुनाए। श्रद्धालु बार-बार “जय श्रीराम” एवं “सीताराम” के नारे लगाकर कथा में डूबते-उतराते रहे।

कथा के अंतिम दिन विशाल महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ। आयोजन में शहरवासियों का भरपूर सहयोग रहा। मुख्य यजमान रितेश गुप्ता, कैलाश गुप्ता, दीपक अग्रवाल, आशीष बत्रा, महेश अग्रवाल सहित सैकड़ों परिवारों ने दिन-रात सेवा में योगदान दिया। श्रद्धालुओं ने एक स्वर से कहा कि लाटा महाराज की कथा ने उनके जीवन में रामराज्य की प्रेरणा जगाई है।