कोरबा रेलवे स्टेशन पर OHE की चपेट में आए कर्मचारी की बिलासपुर में इलाज के दौरान मौत

कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 (गेवरा रोड छोर) पर 24 नवंबर को OHE (ओवरहेड इक्विपमेंट) लाइन की चपेट में आए निजी कर्मचारी श्याम चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उसका शरीर करीब 30 प्रतिशत तक जल गया था।

जानकारी के अनुसार उस दिन सुबह 10:10 बजे ARME में रूफ पेंटिंग कार्य के लिए OHE ब्लॉक लिया गया था।

दोपहर 4:10 बजे कैंसल मेमो जारी होने के बाद ठीक 10 मिनट बाद यानी 4:20 बजे OHE लाइन को दोबारा चार्ज कर दिया गया। मात्र 2 मिनट बाद ही 4:22 बजे श्याम चौहान विद्युत तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के तुरंत उसे कोरबा जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बिलासपुर के बर्न एंड ट्रॉमा रिसर्च सेंटर रेफर कर दिया गया। करीब पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद श्याम चौहान ने दम तोड़ दिया।

मृतक कोरबा रेलवे कॉलोनी के रनिंग रूम के पीछे रहता था। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है। रेलवे और पुलिस दोनों स्तर पर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

OHE ब्लॉक कैंसल होने और लाइन चार्ज होने के बीच महज 2 मिनट का अंतर होने से रेलवे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।