नगर निगम का पैचवर्क ठप, ठेका कंपनी नोटिस के बावजूद काम से भाग रही
कोरबा। शहर की मुख्य सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। पिछले डेढ़ महीने से पैचवर्क और मरम्मत का काम लगभग ठप पड़ा है। नगर निगम ने 8 प्रमुख सड़कों के नवीनीकरण के लिए 10.68 करोड़ रुपये का प्रस्ताव नगरीय प्रशासन विभाग को भेज रखा है, जिसकी मंजूरी का इंतजार है।
सूत्रों के अनुसार 15 अक्टूबर के बाद जारी मरम्मत आदेश का कटघोरा की ठेका कंपनी पालन नहीं कर रही। बार-बार नोटिस के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ, जिससे शहरवासी परेशान हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि चार साल पहले ही 9 करोड़ रुपये खर्च कर 7 सड़कों का नवीनीकरण कराया गया था, लेकिन घटिया गुणवत्ता के कारण एक साल में ही सड़कें उखड़ गईं। गारंटी पीरियड में मरम्मत कराई गई, पर मरम्मत के बगल में फिर सड़क टूट गई। टीपी नगर, पावर हाउस रोड, महाराणा प्रताप चौक, नया बस स्टैंड रोड समेत कई मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
नालियों पर अतिक्रमण और बारिश का पानी सड़क पर बहने से जर्जरता और बढ़ रही है। कई जगह तो नालियां गायब ही हो चुकी हैं।
प्रस्तावित 8 सड़कों की सूची और लागत:
सुनालिया ब्रिज–पावर हाउस रोड फाटक → 112.55 लाख
पावर हाउस रोड–पुराना बस स्टैंड → 156.90 लाख
जैन चौक बुधवारी–घंटाघर चौक → 125 लाख
घंटाघर चौक–कोसाबाड़ी चौक → 199 लाख
सुभाष चौक–सब स्टेशन → 65 लाख
घंटाघर चौक–विजया अपार्टमेंट → 105 लाख
सीएसईबी चौक–टीपी नगर चौक → 180 लाख
वीआईपी रोड (गौरव पथ) को इस प्रस्ताव में शामिल नहीं किया गया है। इसके लिए अलग से 37 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन टेंडर प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई।
नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने आश्वासन दिया है कि प्रस्तावों को जल्द मंजूरी मिल जाएगी।
कई सड़कों का काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से भी इस संबंध में चर्चा की है।
फिलहाल शहरवासियों को टूटी सड़कों पर ही चलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

