वीर नारायण चौराहे के आसपास चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, विरोध के बाद भी कार्रवाई जारी

कोरबा। नगर पालिका परिषद कतघोरा द्वारा सोमवार को शहीद वीर नारायण चौराहा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुद्रिका तिवारी के निर्देशन में चली इस कार्रवाई के दौरान कई अवैध रूप से संचालित दुकानें हटाई गईं।

चौराहे के आसपास हायर सेकेंडरी स्कूल, अस्पताल और मुख्य मार्ग होने के कारण लंबे समय से यातायात बाधित हो रहा था। भारी भीड़ और अतिक्रमण के चलते नागरिकों को दैनिक आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

नगर पालिका की टीम जब मौके पर पहुँची तो कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई जारी रखी। सीएमओ तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में लगातार समस्याएँ देखी जा रही थीं, इसलिए यह कदम आवश्यक था।

उन्होंने बताया कि सोमवार को एक बार फिर दूसरे इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर में सुगम यातायात और स्वच्छ व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।