177 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल योजना की साइकिल, मंत्री लखनलाल देवांगन व महापौर संजू देवी ने किया वितरण

कोरबा।कोरबा जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय, साडा में शुक्रवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की 177 छात्राओं को नई साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने से छात्राओं के लिए स्कूल आने-जाने में होने वाली कठिनाइयाँ अब काफी हद तक कम हो जाएंगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और विशिष्ट अतिथि महापौर संजूदेवी राजपूत ने छात्राओं को तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर साइकिलें सौंपीं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश की हर बेटी आगे बढ़े, पढ़े-लिखे और समाज में अपनी अलग पहचान बनाए। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बेटियों के लिए कई सकारात्मक पहल की जा रही हैं।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि बेटियों को सशक्त बनाने के लिए सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बिहार की सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर का उदाहरण देते हुए बताया कि मात्र 25 वर्ष की उम्र में बीए उत्तीर्ण कर, भजनों के माध्यम से पहचान बनाने वाली मैथिली ठाकुर ने चुनाव जीतकर इतिहास रचा है यह प्रमाण है कि बेटियां अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कर सकती हैं।

कार्यक्रम में शाला समिति अध्यक्ष झगेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य व पार्षद अजय चंद्रा, पार्षद पंकज देवांगन, पार्षद प्रेमलता बंजारे, बलराम विश्वकर्मा, पुनीराम साहू, राकेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

अंत में विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।