बालकोनगर।भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा बालकोनगर में सामुदायिक विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण, अंबेडकर स्टेडियम का उन्नयन, जुबली पार्क का सौंदर्यीकरण तथा इंडियन कॉफी हाउस का नया केंद्र इन सभी विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे उनके दैनिक जीवन की गुणवत्ता बेहतर हो सके।
सड़क चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण से यातायात में सुधार
बालकोनगर में सड़कों के चौड़ीकरण और नए फुटपाथ निर्माण का कार्य तेज रफ्तार से चल रहा है। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित रास्ता मिलेगा। फुटपाथों के किनारे विकसित की जा रही हरियाली क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि कर रही है। यह प्रयास नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में बड़ा कदम है।
अंबेडकर स्टेडियम का आधुनिक स्वरूप युवाओं को देगा नई उड़ान
अंबेडकर स्टेडियम में चल रहा व्यापक मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य स्थानीय खिलाड़ियों, युवा वर्ग और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी राहत है। स्टेडियम की संरचना, ग्राउंड की गुणवत्ता और सुविधाओं को उन्नत किया जा रहा है ताकि यह बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने के योग्य बन सके। इससे बालकोनगर की खेल संस्कृति को नई दिशा और पहचान मिलेगी।
जुबली पार्क का सौंदर्यीकरण सामुदायिक मेलजोल का नया केंद्र
सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क में वॉकिंग पाथ, हरित क्षेत्र, आधुनिक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और बच्चों के लिए सुरक्षित खेल उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। सौंदर्यीकरण के बाद यह पार्क स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।
नेहरू उद्यान में बढ़ी चहल-पहल
सौंदर्यीकरण के बाद नेहरू उद्यान अब सुबह-शाम टहलने, योग और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने वालों के लिए पसंदीदा स्थल बन गया है। हरियाली और स्वच्छ वातावरण के कारण पार्क में लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह स्थान परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी मनोरंजन और मानसिक शांति का उत्कृष्ट केंद्र बन चुका है।
इंडियन कॉफी हाउस बना स्वाद और मुलाकातों का नया ठिकाना
बालकोनगर में नवस्थापित इंडियन कॉफी हाउस (ICH) युवाओं, कर्मचारियों और परिवारों के लिए सामुदायिक मेलजोल और स्वादिष्ट व्यंजनों का नया एवं आकर्षक केंद्र बन गया है। आधुनिक और सौंदर्यपूर्ण वातावरण वाला यह स्थल टाउनशिप में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
बालको की निरंतर प्रतिबद्धता
बालको प्रबंधन टाउनशिप में नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। नेहरू पार्क, बालको स्टेडियम, आधुनिक अस्पताल, विद्यालय और इंडियन कॉफी हाउस जैसे संसाधन शहर के जीवन को अधिक समृद्ध और सुविधाजनक बना रहे हैं। कंपनी की पहल से क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

