MD भीम सिंह कंवर के निर्देश पर सर्वे से लेकर ट्रांसफार्मर स्थापना तक तेज़ी, ग्रामीणों को मिलेगी अंधेरे से राहत
कोरबा। प्रदेश में सर्वाधिक बिजली उत्पादन देने वाले कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई थी। लगातार शिकायतों और आलोचनाओं के बाद अंततः वितरण कंपनी सक्रिय हुई। कंपनी के प्रबंध संचालक भीम सिंह कंवर ने स्थिति पर संज्ञान लेते हुए आकांक्षी विकासखण्ड पोड़ी उपरोड़ा में तत्काल सुधार कार्यों के निर्देश दिए।
सरकारी निगरानी और प्रधानमंत्री कार्यालय को नियमित रिपोर्टिंग के दबाव के चलते स्थानीय प्रशासन ने इंफ्रास्ट्रक्चर सर्वे कर गांवों को आदर्श विद्युत ग्राम बनाने की योजना तैयार की। इसके तहत नए ट्रांसफार्मर, अतिरिक्त पोल और लाइन विस्तार जैसी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी गई।
जगुआ योजना के अंतर्गत ग्राम आमाटिकरा में बिना बिजली वाले घरों को तत्काल विद्युत आपूर्ति देने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम लमना सहित अन्य क्षेत्रों में तकनीकी त्रुटियों को सुधारने के लिए एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए।
लंबे समय से लंबित 5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना का काम भी शुरू हो गया है, जिससे लोड शेडिंग में सुधार होने और बिजली कटौती कम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही टीम ने ग्राम छुरी में चल रहे विद्युत निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
शहरी कोरबा में भी बिजली वितरण की समस्याएं बनी हुई हैं और कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं, जिससे स्पष्ट है कि वितरण विभाग के स्तर पर व्यापक सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

