एसीबी ट्रेलर से युवक की मौत के बाद 24 घंटे का चक्काजाम समाप्त, ACB कंपनी ने दिया 2 लाख मुआवजा,नौकरी और आजीवन पेंशन; जन-आक्रोश के सामने प्रशासन-कंपनी झुके

कोरबा। दीपका क्षेत्र में आर्यन कोल इंडिया बेनीफिकेशन लिमिटेड (ACB) के कोयला ट्रेलर की चपेट में आने से कोहड़िया ग्राम के एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद भड़के जबरदस्त जन-आक्रोश ने पूरे इलाके को 24 घंटे तक ठप रखा। कोहड़िया के ग्रामीणों, दीपका के नागरिकों और कई सामाजिक संगठनों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया था।

तनावपूर्ण माहौल में गोबरघोरा व अन्य वार्ड पार्षदों की पुलिस-प्रशासन से तीखी नोकझोंक भी हुई। आखिरकार ACB कंपनी प्रबंधन व प्रशासन को झुकना पड़ा और देर रात तक चली मैराथन वार्ता के बाद लिखित समझौता हुआ:

मृतक परिवार को तत्काल ₹2 लाख का मुआवजा।

परिवार के एक सदस्य को ACB कंपनी में स्थायी नौकरी।

मृतक के परिजनों को कंपनी द्वारा आजीवन पेंशन।

गोबरघोरा, विजयनगर, दीपका व चाकाबुड़ा मार्ग पर कोयला परिवहन के दौरान नियमित पानी छिड़काव कर प्रदूषण रोकने का ठोस आश्वासन।

आंदोलन को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, राष्ट्रीय कालरी वर्कर्स फेडरेशन तथा ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति का खुला और जोरदार समर्थन मिला। इन संगठनों की एकजुटता से प्रशासन पर दबाव बना और पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिल सका।

सभी मांगें मान लिए जाने के बाद 24 घंटे से जारी चक्काजाम शुक्रवार देर रात समाप्त कर दिया गया।

क्षेत्रवासियों ने इसे जनता की एकता और जन-आक्रोश की बड़ी जीत बताया।