कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितता सामने आई है। अधूरे मकानों को सरकारी पोर्टल पर पूर्ण दर्शाने और अन्य मकानों की तस्वीरों के जरिए फर्जी जियो टैगिंग कर भुगतान कराने के मामले में करतला जनपद पंचायत ने दो आवास मित्रों को कार्यभार से हटा दिया है। शिकायतों की जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। संबंधित आवासों को एक महीने के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत औराई में चार प्रधानमंत्री आवास अधूरे होने के बावजूद उन्हें सरकारी पोर्टल पर पूर्ण दर्शा दिया गया था। इसके आधार पर संबंधित हितग्राहियों को योजना की तीनों किश्तों का भुगतान भी हो चुका था।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अधूरे आवासों की जगह अन्य पूर्ण मकानों की तस्वीरें अपलोड कर जियो टैगिंग की गई थी। शिकायत सही पाए जाने पर जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने औराई के आवास मित्र नरेश कुमार पटेल को कार्यभार से पृथक कर दिया।
इसी तरह ग्राम पंचायत ढोढ़ातराई में हितग्राही हेतराम पटेल के अधूरे आवास को पोर्टल पर पूर्ण दर्शाने का मामला सामने आया। जांच के बाद संबंधित आवास मित्र किशन कुमार पटेल को भी कार्यभार से हटा दिया गया है।
जनपद पंचायत की ओर से संबंधित आवास मित्रों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित आवासों का निर्माण निर्धारित एक माह की अवधि में पूरा कर इसकी जानकारी नोटशीट के माध्यम से प्रस्तुत करें। तय समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में उच्च कार्यालय को पत्र भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
