एमबीबीएस डॉक्टर और सुरक्षा गार्ड तक नहीं, रात की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित; नपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
कोरबा-बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यहां एमबीबीएस डॉक्टर की पदस्थापना नहीं है। वार्ड ब्वॉय और नर्सिंग स्टाफ की कमी भी बनी हुई है। इसका सबसे अधिक असर रात के समय मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं पर पड़ रहा है। बांकीमोंगरा सहित आसपास के गांवों से उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया है कि एनक्यूएएस (राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक) के तहत गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा गार्ड की भी व्यवस्था नहीं है। स्थिति यह रही कि पिछले चार वर्षों तक स्वास्थ्य केंद्र में इंटर्नशिप के लिए आने वाले डॉक्टरों के भरोसे चिकित्सा सेवाएं संचालित होती रहीं। वर्तमान में आरएमओ के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्थायी एमबीबीएस डॉक्टर और आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की कमी से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर असर पड़ रहा है।
एनक्यूएएस का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था के निर्धारित मानकों को सुनिश्चित करना है। ऐसे में मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद पर्याप्त चिकित्सकीय एवं सहायक स्टाफ की कमी स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्थाओं और इलाज में हो रही परेशानियों की जानकारी क्षेत्र के लोगों ने नगर पालिका बांकीमोंगरा के अध्यक्ष सोनी विकास झा को दी। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकीय कर्मचारियों से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं तथा स्टाफ की स्थिति की जानकारी ली।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस डॉक्टर सहित आवश्यक नर्सिंग और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि दिन के साथ रात में भी मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
