कोरबा-चोटिया। केंदई वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक प्रीतम पुराईन के खिलाफ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोलते हुए उन्हें क्षेत्र से हटाने और उनके कार्यकाल से जुड़े विभिन्न मामलों की जांच कराने की मांग की है। ग्राम पंचायत परला, चोटिया और आमाटिकरा के जनप्रतिनिधियों तथा जिला पंचायत सदस्य ने मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त और कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर 11 बिंदुओं पर जांच एवं कार्रवाई की मांग उठाई है।
शिकायत में वन रक्षक के लंबे समय से एक ही क्षेत्र में पदस्थ रहने, निजी एवं राजस्व भूमि पर कथित घेराबंदी और कब्जे, ग्रामीणों को डराने-धमकाने तथा दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वन रक्षक करीब 8-10 वर्षों से इसी क्षेत्र में पदस्थ है। उन्होंने इस अवधि में सामने आए विवादों और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत पत्र में गड्ढा डबरी निर्माण में जेसीबी के उपयोग, राजस्व भूमि को वन विभाग की भूमि बताकर घेराबंदी किए जाने तथा 4-5 किसानों की भूमि का सीमांकन किए बिना सीपीटी गड्ढा खोदने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई, अवैध कोयला खनन एवं उससे जुड़ी गतिविधियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
जनप्रतिनिधियों ने हाथी प्रभावित क्षेत्र में हाथियों से हुए नुकसान के मुआवजे में कथित हेराफेरी का मामला भी उठाया है। परला और चोटिया पहाड़ पर हुई अवैध कटाई की जांच को विशेष रूप से प्रमुखता देते हुए संबंधित मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त एवं कलेक्टर से सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित वन रक्षक को क्षेत्र से हटाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
