वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,हत्या की आशंका,एक संदिग्ध हिरासत में;पुलिस जांच में जुटी

कोरबा-चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के पसान थाना अंतर्गत कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम लाद में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान भगमतियाबाई (70), पति जयलाल सिंह मरकाम के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की रात भगमतियाबाई भोजन करने के बाद अपने घर में सोने चली गई थीं। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे उनकी मौत की जानकारी सामने आई।

परिस्थितियों को देखते हुए महिला की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी लखन पटले तथा कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।