प्रेरणा महिला समिति ने जरूरतमंद बच्चों को बांटे स्वेटर और खाद्य सामग्री

कोरबा-गेवरा। सामाजिक सरोकारों और जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला गेवरा की प्रेरणा महिला समिति ने प्राथमिक शाला जूनाडीह में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। समिति ने विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर और खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित कर सहयोग प्रदान किया।

श्रद्धा महिला मंडल एसईसीएल बिलासपुर की अध्यक्ष शशि दुहन एवं समस्त उपाध्यक्षाओं के मार्गदर्शन में संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों से प्रेरित इस कार्यक्रम का आयोजन प्रेरणा महिला समिति की अध्यक्ष विनिता कर्ण के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान समिति की सदस्यों ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी जरूरतों और खुशियों को साझा किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सकारात्मकता का भाव बढ़ाना तथा सामाजिक संवेदनशीलता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

समिति की सदस्यों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।