केएन कॉलेज में व्यंजन प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाया पाक कौशल

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय में शिक्षा संकाय की ओर से व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल सजाए। विद्यार्थियों ने अपनी पाक कला, रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने किया। निर्णायक के रूप में शिक्षा संकाय प्रभारी डॉ. भारती कुलदीप एवं सहायक प्राध्यापक शंकरलाल यादव ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार व्यंजनों का अवलोकन कर स्वाद, गुणवत्ता और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के नेतृत्व में वाणिज्य विभागाध्यक्ष बीके वर्मा एवं भूगोल विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने भी विद्यार्थियों के व्यंजनों का स्वाद चखा और उनके प्रयासों एवं पाक कौशल की सराहना की।

प्रतियोगिता में बीएड द्वितीय वर्ष के समूह एक की ममता पैगवार एवं सुजाता यादव द्वारा तैयार शाही टुकड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षा संकाय के डॉ. अंजू खेस्स, डॉ. प्रीति द्विवेदी, डॉ. रश्मि शुक्ला, श्रीमती अनिता यादव, नितेश यादव एवं राकेश गौतम सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।