दीपका माइंस में डीजल चोरों का खेल: नींद में सुरक्षा, जाग रहे चोर!

105 लीटर डीजल लूटकर भागते चोर, बोलेरो ज़ब्त

कोरबा। एसईसीएल की दीपका खदान में एक बार फिर डीजल चोरी का बड़ा मामला पकड़ा गया है। सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद चोर रात-दिन सक्रिय हैं।

मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे एलके-1 क्षेत्र में खड़ी ड्रिल मशीन से सफेद बोलेरो (जो खुद खदान की ठेका कंपनी की बताई जा रही है) से डीजल चोरी हो रहा था। सुरक्षा गार्ड की नजर पड़ी तो पेट्रोलिंग टीम ने पीछा किया। चोर गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

तलाशी में मिला:
105 लीटर भरा हुआ डीजल (तीन जेरीकेन, 35-35 लीटर प्रत्येक)
दो खाली जेरीकेन और चोरी के लिए इस्तेमाल पाइप
मौके से फरार चोर
दीपका थाना में केस दर्ज कर बोलेरो ज़ब्त कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के मालिक से पूछताछ कर रही है।

सूत्रों का दावा है कि चोरी का डीजल खदान के अंदर ही ठेका कंपनी की बड़ी गाड़ियों (डंपर, डोजर आदि) में सस्ते दाम पर सप्लाई किया जाता है। मार्केट रेट से आधे दाम मिलने के कारण कई संचालक खुली आँखों से अंधे बने हुए हैं। यही वजह है कि चोरी की इतनी बड़ी घटनाओं के बावजूद अंदरूनी हल्ला नहीं मचता।

लगातार हो रही चोरी से सवाल उठ रहे हैं कि करोड़ों खर्च करने के बाद भी दीपका खदान की सुरक्षा क्यों सोई हुई है?