मोबाइल की ज़िद में 35 फीट हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया युवक, 2 घंटे ड्रामा के बाद नया फोन दिलाने का वादा मिला तब उतरा

सत्तिगुड़ी गांव में बड़ा हादसा टला, करंट नहीं होने से बची जान

जांजगीर-चांपा। मोबाइल फोन की ज़िद में एक युवक ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर पूरे गांव में सनसनी फैला दी। मामला जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र के सत्तिगुड़ी गांव का है।

24 साल का करण कंवर रोज़ी-मजदूरी करता है। 19 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे वह नाराज़गी में घर से निकला और सीधे पास के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। करीब 30-35 फीट की ऊंचाई पर जाकर वह बैठ गया और ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने लगा कि उसे नया एंड्रॉयड फोन चाहिए।

ग्रामीणों ने जैसे ही उसे टावर पर युवक को देखा, तुरंत पुलिस को खबर की। पंतोरा चौकी प्रभारी दिलीप सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि करण का बड़ा भाई उसका पुराना मोबाइल फोन लेकर दूसरे राज्य चला गया था। घर लौटने पर फोन न मिलने से वह बेहद परेशान और गुस्से में था। इसी गुस्से में उसने यह खतरनाक कदम उठाया।

सौभाग्य से उस समय हाईटेंशन लाइन में करंट नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। पुलिस और ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे तक उसे समझाया। जब परिजनों ने नया मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर वह नीचे उतरने को राज़ी हुआ। पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित उतार लिया गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन मोबाइल फोन जैसी छोटी बात पर जान जोखिम में डालने को लेकर चिंता भी जताई।